हिमाचल में बड़ा हादसा: कुल्लू में वोट डालकर लौट रहे लोगों की गाड़ी खाई में गिरी, 3 महिलाओं की मौत व 8 घायल

8.9kViews
1861 Shares

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई। जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी की बढ़ई-बाग-पीज सड़क पर एक टैक्सी (सूमो) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में करीब 11 लोग सवार थे। हादसा बेहद भयावह था।

एक महिला की मौत हो गई है, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके अलावा अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक महिलाएं स्थानीय बताई जा रही हैं, इनकी पहचान कली देवी, कलावंती और सलमा देवी के रूप में हुई है।

ये लोग कुल्लू से पैतृक गांव पीज वेधार में पंचायत चुनाव में मतदान करने गए थे। मतदान करने के बाद जब ये लोग वापस कुल्लू आ रहे थे तो हादसे का शिकार हो गए।

प्रशासन के साथ खाई में उतरे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। दमकल विभाग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है, जहां पर इनका उपचार चल रहा है।

संकरी सड़क के तीखे मोड़ पर हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि सड़क संकरी होने के साथ-साथ क्षेत्र में मोड़ भी काफी खतरनाक हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *