दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम बच्चे से मारपीट, निदेशक समेत चार के खिलाफ केस दर्ज

5.5kViews
1342 Shares

पूर्वी दिल्ली में मौजपुर स्थित एक निजी प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है।

वहीं, बच्चे के पिता की शिकायत पर जाफराबाद थाना पुलिस ने स्कूल निदेशक सुनीता बंसल, प्रधानाचार्य नीलम, शिक्षिका सिमरन और आया पूजा के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ित करने की धारा में केस दर्ज किया गया है।

चिकित्सक से कराई जांच

शिकायतकर्ता नवीन चौधरी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मौजपुर स्थित मकून्स किड्स स्कूल में पढ़ता है। पिछले कुछ दिनों से बच्चा रात में सोते समय घबराने लगा था। वह स्कूल जाने के नाम पर रोता था और शौचालय की तरफ जाने से भी डर रहा था। इस पर परिजनों ने चिकित्सक से जांच कराई।

18 अगस्त को ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सतीश वर्मा से बच्चे की जांच कराई गई। चिकित्सक ने कान में सूजन होने की बात कही और आशंका जताई कि बच्चे के साथ मारपीट हुई हो सकती है।

फुटेज उपलब्ध नहीं कराई

इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से मामले की जानकारी मांगी और सीसीटीवी फुटेज दिखाने को कहा। आरोप है कि स्कूल की निदेशक सुनीता बंसल ने फुटेज उपलब्ध कराने में आनाकानी की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में फुटेज देखने पर बच्चे को कक्षा में कान पकड़कर पीटते और काफी देर तक परेशान करते हुए देखा गया। एक अन्य फुटेज में उसके साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई।

संतोषजनक जवाब नहीं दिया

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 27 अगस्त को उन्होंने स्कूल पहुंचकर निदेशक से इस संबंध में बात की। वहां स्कूल की शिक्षिका सिमरन और आया पूजा भी मौजूद थीं। आरोप है कि बच्चे के साथ मारपीट की बात सामने आने के बावजूद प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *