हिमाचल के परवाणू में आफत की बारिश: शिमला-कालका रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त, सड़क धंसने से ट्रक नाले में गिरा; हाईवे पर भी मलबा

3.4kViews
1966 Shares

 हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में भारी बारिश के कारण परवाणू क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई स्थानों पर पहाड़ी से मलबा आने, सड़क धंसने और नाले का पानी सड़क पर आने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कालका-शिमला रेलमार्ग भी बाधित हो गया है, इस कारण सभी ट्रेन रद कर दी गई हैं।

शिमला हाईवे भी वनवे
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि सेब मंडी के समीप पहाड़ से मलबा गिरने के कारण शिमला की ओर जाने वाले मार्ग को एकतरफा कर दिया गया है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए चक्की मोड़ पर भी पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, जो मौके पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं।

सड़क धंसने से ट्रक नाले में गिरा

वहीं, शिवालिक होटल के समीप सड़क धंसने के कारण एक ट्रक नाले में जा गिरा। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इस मामले में यह भी सामने आया है कि 27 अगस्त को ही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को सड़क टूटने की सूचना देकर इसे जल्द ठीक करवाने की मांग की थी। आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद विभाग की ओर से समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद अब सड़क और अधिक धंसने से ट्रक नाले में जा गिरा। हालांकि, इस संबंध में विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।

नाले का पानी सड़क पर आया

उधर, कैप्टन ढाबे के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के बाद यातायात को एकतरफा किया गया। इसी क्षेत्र में पहाड़ी का पहरा हटाए जाने के बाद माया होटल, सेक्टर-3 के नजदीक नाले का पानी सड़क पर आ गया, जिससे बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर जमा हो गया। इसके चलते वाहनों की आवाजाही काफी देर तक प्रभावित रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उद्योगों पर भी असर

भारी बारिश का असर परवाणू के सेक्टर-5 स्थित उद्योगों पर भी पड़ा है। यहां पानी भरने से उद्योगों को भारी नुकसान होने की सूचना है। कई स्थानों पर जलभराव और मलबा आने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

लगातार बारिश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रभावित स्थानों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस द्वारा यातायात को नियंत्रित कर वाहनों की आवाजाही सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, लोगों से बारिश के दौरान संवेदनशील मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *