यूपी में बकरीद पर खुफिया अलर्ट, संदिग्धों पर नजर, तस्वीरों में देखें आपके शहर में कैसी रही तैयारी

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। कानपुर, चित्रकूट, हमीरपुर, फतेहपुर सहित कई जिलों में संवेदनशील इलाकों में पुलिस अलर्ट रही। ड्रोन और इंटरनेट मीडिया के जरिए निगरानी रखी जा रही है। वहीं कुर्बानी और त्याग का पर्व बकरीद नमाज अदा करके शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।

चित्रकूट में बकरीद पर अमन-चैन की दुआ, सुरक्षा के रहे खास इंतजाम

सुबह से ही मुस्लिम बस्तियों और बाजारों में रौनक रही। मुख्यालय स्थित द्वारिकापुरी ईदगाह समेत शहर की सभी मस्जिदों में सुबह सात बजे नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान लोगों ने देश और समाज में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।

बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। ड्रोन से पूरे शहर की निगरानी की गई। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ क्षेत्राधिकारी यामीन अहमद और कोतवाल दुर्गविजय सिंह भी मौजूद रहे।

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से लोगों से भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे जिले में निगरानी रखी गई। बकरीद पर्व हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है और यह त्याग, समर्पण व इंसानियत का संदेश देता है।

हमीरपुर में अमन चैन की दुआ को उठे हजारों हाथ

जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल के बीच गुरुवार को बकरीद की नमाज अदा की गई। सभी ईदगाह और मस्जिदों में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं अमन चैन की दुआ के लिए एक साथ हजारों हाथ उठे। सुबह से ही सभी मस्जिदों और ईदगाह में लोगों की भीड़ जमा होने लगी थी। वहीं नमाज को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। अपने निर्धारित समय में सभी स्थानों में बकरीद की नमाज अदा कराई गई। नमाज अदा होने के बाद सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर त्योहार की बधाई दी। उच्चाधिकारियों ने नमाज स्थलों का जायजा लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

महोबा में ईदगाह समेत मस्जिदों में पढ़ी गई बकरीद की नमाज

महोबा शहर की ईदगाह समेत अन्य मस्जिदों में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। लोगों ने एक दूसरे के गले लगकर बकरीद की मुबारकबाद दी। एडीएम कुंवर पंकज व एएसपी वंदना सिंह ने ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नमाज पढ़कर लौटे लोगों के लिए जगह-जगह पेयजल आदि की व्यवस्था की गई।

उरई में ईदगाहों पर डीएम और एसपी ने देखी व्यवस्थाएं

बकरीद पर सुबह से ही ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ी। मुख्यालय के साथ क्षेत्र की ईदगाहों में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बकरीद की नमाज पढ़ी गई। डीएम और एसपी ने कई स्थानों पर जाकर व्यवस्थाएं देखीं।

फर्रुखाबाद में रवायती अंदाज में पढ़ी गई ईदगाहों में बकरीद की नमाज

फर्रुखाबाद में बकरीद का त्यौहार रवायती अंदाज में मनाया जा रहा है। सुबह से ही ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर की नई व पुरानी ईदगाह में गुरुवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में बकरीद की नमाज पढ़ी गई। नई ईदगाह में जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मुफ्ती मोअज्जम अली ने व पुरानी ईदगाह में मौलाना शमशाद चतुर्वेदी ने नमाज पढ़ा कर देश में अमन चैन की दुआ मांगी। इसके अलावा सुनहरी मस्जिद सहित अन्य मस्जिद में नमाज पढ़ी गई।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी डा.अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह,सिटी मजिस्ट्रेट,एएसपी आदि अधिकारी भी बीबीगंज पुलिस चौकी में डटे रहे। इसी तरह कायमगंज, नवाबगंज, जहानगंज, कमालगंज, शमसाबाद क्षेत्र में भी ईदगाहों में नमाज पढ़ी है।

औरैया ने डीएम और एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण

डीएम बृजेश कुमार व एसपी अभिषेक भारती ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के दृष्टिगत कोतवाली औरैया क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने नमाज स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

कानपुर में डीएम और पुलिस कमिश्नर पहुंचे मरकजी ईदगाह

सुबह बजरिया के बेनाझाबर रोड स्थित मरकजी ईदगाह में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल और जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डा. विपिन ताडा पहुंचे। आसपास क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी गई। एलआइयू और सर्विलांस टीम भी सक्रिय दिखी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे रही। ड्रोन से भी निगरानी की गई। पुलिस आयुक्त ने लोगों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव, एडीसीपी डा. अर्चना सिंह समेत अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बाबूपुरवा और मछरिया स्थित मस्जिदों का निरीक्षण कर तैनात पुलिस फोर्स को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *