किशनगंज में रमजान नदी बनी काल, मां-बेटे की डूबने से दर्दनाक मौत

1852 Shares

 सदर थाना क्षेत्र के पानीसाल गांव स्थित रमजान नदी में गुरुवार को मां-बेटे की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पानीसाल गांव निवासी 29 वर्षीय मीना देवी और उनके 10 वर्षीय पुत्र विश्वजीत राय के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे मीना देवी कपड़ा धोने के लिए रमजान नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान उनका पुत्र विश्वजीत राय भी नदी किनारे पहुंच गया।

बताया जाता है कि नदी के पानी में खेलते समय विश्वजीत गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख मीना देवी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गईं, लेकिन बचाव के प्रयास में वह भी गहरे पानी में समा गईं।

मां-बेटे को डूबता देख आसपास से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। हालांकि, जब तक लोग उन्हें बचाने का प्रयास करते, तब तक दोनों पानी में लापता हो चुके थे।

स्थानीय लोगों ने काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और अंचल प्रशासन को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और अंचल कर्मी मौके पर पहुंचे। कई घंटों की मशक्कत और स्थानीय गोताखोरों की मदद से मां-बेटे को नदी से बाहर निकाला गया।

दोनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *