हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों को श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शनों का मौका मिल रहा है। सरकार इसके लिए विशेष ट्रेन चलाने जा रही है। प्रदेश के 60 आयु वर्ष या उससे ऊपर के बुजुर्ग मुफ्त में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे। गुरुग्राम जिला प्रशासन ने भी जिले में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन मांगे हैं।
देशभर में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की धैर्यगाथा, अटूट आस्था कार्यक्रम मनाया जा रहा है। इसके तहत हरियाणा सरकार ने भी प्रदेशभर के श्रद्धालुओं को श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की धार्मिक यात्रा करवाने का निर्णय लिया है। श्रद्धालु यात्रा का लाभ उठाने के लिए छह जून तक स्वयं अपने स्मार्ट फोन या नजदीकी अटल सेवा केंद्र या सीएससी से सरल पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर बुकिंग
श्रद्धालुओं को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर स्पेशल ट्रेन में बुकिंग मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आठ जून को कुरूक्षेत्र से झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से चलकर करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली आदि रेलवे स्टेशनों से होते हुए श्री सोमनाथ तक जाएगी। गुरुग्राम जिले के पंजीकृत श्रद्धालु नजदीकी स्टेशन से विशेष ट्रेन में सवार होंगे। स्टेशन तक पहुंचने की सुविधा श्रद्धालुओं को अपने स्तर पर करनी होगी।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि यात्रा के लिए सरल पोर्टल पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण कोई भी श्रद्धालु इस यात्रा का लाभ नहीं ले सकेंगे। श्रद्धालुओं को सुरक्षा के दृष्टिगत अपनी मेडिकल हिस्ट्री के बारे में भी जानकारी साझा करनी होगी। वे यात्रा के लिए अपना अधिकृत और योग्य चिकित्सक द्वारा प्रमाणित मेडिकल प्रमाण पत्र अवश्य लगाएं।
पंजीकरण के लिए ये चीजें जरूरी
- वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य सरकारी आईडी), परिवार पहचान पत्र (पीपीपी)
- शारीरिक रूप से यात्रा के लिए फिट होने की स्वयं घोषणा
- पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने की घोषणा
- आवेदक का हरियाणा का निवासी होना और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है
- 60 वर्ष से अधिक आयु और 1.80 लाख तक वार्षिक आय वाले वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी को मुफ्त साथ ले जा सकते हैं
- 80 वर्ष से अधिक के श्रद्धालु अपने साथ एक अन्य सहायक को भुगतान पर साथ ले जा सकते हैं।
- सरल पोर्टल पर पंजीकरण के बाद इसकी सूचना लघु सचिवालय स्थित डीआइपीआरओ कार्यालय में देनी अनिवार्य है।


