बिजनौर में मुर्गा खाने के लालच में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, 30 अप्रैल को लगाया था पिंजरा

 ग्राम चौहड़वाला उर्फ सहारावाला में मुर्गा खाने के चक्कर में गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। इससे एक ओर जहां ग्रामीणों ने राहत की सांस ली तो वहीं दूसरी तरफ वन विभाग का सिर दर्द भी कम हुआ। पिछले महीने भी इसी स्थान पर शिकार के लालच में ही गुलदार पिंजरे में कैद हो गया था।

ग्राम चौहड़वाला उर्फ सहारावाला में अप्रैल माह में लगातार गुलदार दिखाई दे रहा था और पशुओं पर हमला भी कर रहा था। ग्रामीणों की शिकायत पर साहूवाला वन विभाग की टीम ने गांव के पास ही एक प्लाट में गुलदार पकड़ने के लिए 30 अप्रैल को पिंजरा लगाया था और पिंजरे में मुर्गा रख दिया था। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्हें पिंजरे से गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनाई दी, तो ग्रामीणों ने गुलदार कैद होने की सूचना वन कर्मियों को दी।

इस दौरान गुलदार को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। वन विभाग की टीम गुलदार को रेस्क्यू कर साहूवाला वन रेंज कार्यालय ले आई और पशुचिकित्सक टीम द्वारा गुलदार स्वास्थ्य परीक्षण कराया। रेंजर रामवृक्ष राव ने बताया कि नर गुलदार की उम्र लगभग साढ़े तीन वर्ष है, फिलहाल उसे रेंज कार्यालय में ही चिकित्सकों एवं वनकर्मियों की देखरेख में रखा गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गुलदार को बाहर भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *