होमगार्ड पेपर लीक मामला: कानपुर में बीएनएसडी के प्रधानाचार्य अमर सिंह को हटाया गया, 5 शिक्षकों को थमाए गए निलंबन पत्र
25 अप्रैल को बीएनएसडी इंटर कालेज, चुन्नीगंज में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाचार्य अमर सिंह को निलंबित किए जाने के बाद पद से हटा दिया गया है। प्रबंधन की ओर से निलंबित पांच शिक्षकों को निलंबन पत्र व नोटिस भी थमा दिए गए। अब पांचों शिक्षक नोटिस पत्र जवाब प्रबंधन के समक्ष रखेंगे।
वहीं, बुधवार को इंटर कालेज प्रबंध समिति के सह प्रबंधक हरिभाऊ खांडेकर ने विद्यालय पहुंचकर हिंदी विषय के वरिष्ठ प्रवक्ता डा. ओपी पाठक को प्रधानाचार्य पद पर ज्वाइन कराया। ये बदलाव पूरे कालेज स्टाफ में चर्चा का विषय बना रहा।बता दें, बीएनएसडी इंटर कालेज, चुन्नीगंज में 25 अप्रैल को दूसरी पाली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सेंधमारी के प्रकरण में कालेज प्रबंध समिति ने 16 मई को केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य अमर सिंह, सह केंद्र व्यवस्थापक (ब्लाक-ए) एवं अंग्रेजी प्रवक्ता ललित बाजपेयी, केंद्र व्यवस्थापक (ब्लाक-बी) एवं उप प्रधानाचार्य सुशील कुमार, सह केंद्र व्यवस्थापक (ब्लाक-बी) एवं अंग्रेजी प्रवक्ता प्रशांत यादव व रसायन विज्ञान प्रवक्ता अखिलेश यादव को निलंबित कर दिया था। जबकि परीक्षा के दिन प्रवक्ता अखिलेश यादव व दो कक्ष निरीक्षकों को जेल भेजा गया था। मौके पर पाकेट प्रिंटर और सील प्रश्नपत्र बरामद हुआ था। वर्तमान में आरोपित अखिलेश जमानत पर जेल से बाहर हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

