ग्वालियर में अवैध रेत के कारोबार में खूनी खेल… रिटायर्ड फौजी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दामाद की मौत, ससुर वेंटिलेटर पर

1500 Shares

 अवैध रेत कारोबार को लेकर चला विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। शहर के महाराजपुरा क्षेत्र में एक रिटायर्ड फौजी ने कथित विवाद के बाद ससुर-दामाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दामाद की मौत हो गई, जबकि ससुर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है और वेंटिलेटर सपोर्ट पर बताया जा रहा है।

घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे महाराजपुरा थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर स्थित पटरी रोड इलाके में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस पूरे घटनाक्रम के पीछे अवैध रेत कारोबार और फड़ संचालन को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश बताई जा रही है।

यह है विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार रिटायर्ड फौजी विष्णु दुबे क्षेत्र में रेत का कारोबार संचालित करता है। वहीं दंडोतिया मार्केट क्षेत्र में सत्यभान गुर्जर और उसके दामाद भोलू गुर्जर भी इसी कारोबार से जुड़े थे। दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव और प्रतिस्पर्धा चल रही थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार को रेत को लेकर हुए विवाद के दौरान पहले विष्णु दुबे के साथ मारपीट हुई। इसके बाद वह घर के भीतर गया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर वापस आया। इसके बाद घटनास्थल पर हालात अचानक हिंसक हो गए।

ताबड़तोड़ फायरिंग से मची दहशत

आरोप है कि आरोपित ने एक के बाद एक कई राउंड फायर किए और दोनों व्यक्तियों का पीछा करते हुए गोली चलाई। गोली लगने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भोलू गुर्जर को मृत घोषित कर दिया, जबकि सत्यभान गुर्जर की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर उसे हिरासत में ले लिया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। फुटेज में आरोपित को फायरिंग करते हुए देखा गया है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि रेत भरने और फड़ संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *