युवाओं के लिए अच्छी खबर। डीएम अस्मिता लाल के निर्देश पर सेवायोजन विभाग की ओर से 11 जून को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें 80 कंपनियां भाग लेंगी। चार हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने अधिकारियों की बैठक में रोजगार मेला की सफल बनाने के लिए दिशा निर्देश दिए। स्याद्वाद इंस्टीट्यूट बागपत के परिसर में रोजगार मेला लगेगा। रोजगार मेला उप्र सरकार के मिशन रोजगार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा।
डीएम ने बताया कि रोजगार मेला में 80 से ज्यादा कंपनियों के स्टाल लगाए जाएंगे व अभ्यर्थियों का पंजीकरण तथा साक्षात्कार योग्यता एवं क्षमता के आधार पर चयन होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग को अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। सभी रिक्तियों की जानकारी पोर्टल के होम पेज पर विभिन्न नौकरियां विकल्प में उपलब्ध रहेगी। रोजगार मेला संबंधी जानकारी के लिए जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार से फोन नंबर 6386856985 पर संपर्क कर सकते हैं।
डीएम ने अधिकारियों को रोजगार मेले की सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि मेले में श्रम विभाग के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। अकुशल श्रमिकों को 11,021 रुपये तथा कुशल श्रमिकों को 13,580 रुपये से कम मानदेय नहीं मिलेगा। डीएम ने सीएमओ को स्टाफ नर्स, टेक्नीशियन, डायग्नोस्टिक सेंटर एवं हाउसकीपिंग से संबंधित अवसर उपलब्ध कराने तथा लीड बैंक मैनेजर को बैंकिंग क्षेत्र में मल्टी टास्किंग जैसे पदों पर भर्ती सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सीएमओ डा. तीरथ लाल, डीडीओ राहुल वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार आदि रहे।


