इंदिरापुरम में छत पर मंदिर बनाकर महिला कर रही तंत्र-मंत्र, मामला खुला तो VHP और बजरंग दल ने किया हंगामा

8.7kViews
1949 Shares

 इंदिरापुरम के शक्तिखंड स्थित इमारत की छत पर मंदिर बनाकर तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगाकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हरनंदी महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ लोगों ने प्रदर्शन किया।

मंगलवार रात को लोगों ने मकान के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस से यह सब बंद कराने की मांग की। आरोप है कि यह एक बिल्डर फ्लोर है, जिसकी तीसरी मंजिल पर आरोपित महिला और उसके अन्य साथी रहते हैं।

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को स्थानीय लोगों से छत पर कथित रूप से अवैध तरीके से निर्मित संरचना के भीतर जादू-टोना, काला जादू, तंत्र-मंत्र एवं अन्य तांत्रिक गतिविधियों के संचालन संबंधी सूचना मिली थी।

खोपड़ी-कंकाल और पुतले जैसी संदिग्ध चीजें छत पर मिलीं

कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने छत पर देखा तो वहां कुछ संदिग्ध वस्तुएं, खोपड़ी और कंकाल जैसी प्रतीत होने वाली सामग्री, पुतले और अन्य सामान मिला, जिन्हें स्थानीय लोग तांत्रिक गतिविधियों से संबंधित मान रहे हैं।

इसकी जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई और लिखित तहरीर भी सौंपी गई। इस दौरान पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी की गई।

स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर सौंपा ज्ञापन

स्थानीय निवासियों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया। लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से इस पर रोक लगवाने की मांग की है। इसके अलावा जीडीए से भी अवैध निर्माण की शिकायत की गई है।

विश्व हिंदू परिषद के सदस्य ने बताया कि गुरुग्राम में रहने वाली महिला का फ्लैट है। उसने अपना फ्लैट एक महिला को किराये पर दिया है, जो खुद को तांत्रिक बताती है। एसीपी ने बताया कि मामले में जांच कर रहे हैं। महिला को सब बंद करने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *