टीआरई-4 की एकल परीक्षा कराने समेत अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया।
गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
गांधी मैदान के आसपास प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा पार कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए।
यहां स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन चलाया। उसके बाद हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।
वाटर कैनन के बीच तिरंगा लेकर डांस करते रहे प्रदर्शनकारी
पुलिस की ओर से पानी की बौछार किए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे। कई छात्र तिरंगा लेकर सड़क पर डांस करते और नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज बुलंद करते रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

