UP के बेसिक स्कूलों में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, बच्चों को पहनना होगा फुल पैंट और पूरी आस्तीन का शर्ट

 

प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक जुलाई से शुरू होने वाला है जबकि 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए पूर्व में सुझाव दिया गया था कि वे फुल शर्ट पहनकर आएं। अभी इस पर पूरी तरह से अमल नहीं हो रहा है। सभी जिलों के बीएसए को निर्देश दिया गया है कि वे बच्चों को स्कूल में पूरी बांह की शर्ट और फुल पैंट पहनकर आने के लिए प्रेरित करें।

बुखार होने पर क्या करें और क्या न करें, बताए जाएंगे

अभियान के दौरान शिक्षक छात्रों और अभिभावकों को दिमागी बुखार, जलजनित रोग, दस्त, स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने की आदत, शौचालय के नियमित उपयोग तथा बुखार होने पर क्या करें और क्या न करें जैसी जानकारियां दी जाएंगी।

बुखार से छात्र स्कूल नहीं आ रहा, सीएचसी को सूचित करें

बीएसए अनिल कुमार के अनुसार यदि किसी छात्र की अनुपस्थिति का कारण बुखार या अन्य संक्रामक बीमारी हो, तो प्रधानाध्यापक तत्काल चिकित्सक व स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी को सूचना दें, जिससे उपचार और आवश्यक कार्रवाई हो सके। अभियान के माध्यम से विद्यालयों में छात्र छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा का प्रयास होगा। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

गुरुजी बताएंगे गर्मी से बचने के उपाय

स्कूल एक जुलाई से बच्चों के लिए खुल रहे हैं। इससे पहले बीएसए ने सभी बीईओ और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए। कहा है कि विद्यार्थी जब भी बाहर निकलें, शरीर ढक कर रखें। हल्के रंग के कपडे पहनें। छाता और धूप का चश्मा लगाए। थोडे थोडे अंतराल पर पानी जरूर पिएं। स्कूलों में सूर्य की सीधी रोशनी रोकने के लिए पर्दा आदि का प्रबंध करें। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक बच्चों को धूप में जाने से रोकने का प्रयास किया जाए। नंगे पैर भी न निकलें।

बासी भोजन न करें बच्चे

अभिभावकों को शिक्षक समझाएंगे कि बच्चों को इस गर्मी में अत्यधिक प्रोटीन युक्त भोजन व बासी भोजन का प्रयोग न करने दें। धूप में खडी गाडियों में बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला न छोडें। तंग व छोटे कपडो का प्रयोग न करें। बंद व अत्यधिक गर्मी वाले स्थान पर भोजन न पकाया जाए। अधिक धूप हो तो श्रम से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *