पटियाला- समाना रोड पर मौत का तांडव, तेज रफ्तार टिप्पर ट्रैक्टर को आधा किलोमीटर घसीटता ले गया; दो युवकों की मौत

पटियाला के समाना मार्ग पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव भानरी के पास तेज रफ्तार टिप्पर की टक्कर से ट्रैक्टर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी रोष फैल गया और गुस्साए स्वजन, किसान व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टिप्पर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह ट्रैक्टर को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता ले गया। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव के तीन युवक ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर मंडी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गांव भानरी के पास पीछे से तेज रफ्तार टिप्पर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल बताया जा रहा है।

गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि आरोपित चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने कार्रवाई की शुरू

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाने का प्रयास किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। गांव के लोगों का कहना है कि अगर तेज रफ्तार वाहनों पर समय रहते लगाम लगाई जाती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

घटना का पता चलते ही ग्रामीण पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। मृतकों के स्वजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में तेज रफ्तार भारी वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *