लद्दाख में बाइकर्स का महाकुंभ, 11480 फीट की ऊंचाई पर गरजेंगे इंजन, एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

लद्दाख को देश का प्रमुख मोटरसाइकलिंग व एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। आगामी एक सितंबर से देश के विभिन्न हिस्सों से मोटरसाइकिल सवार लद्दाख बाइक सप्ताह में हिस्सा लेने के लिए आएंगे।

लद्दाख मोटरसाइकिल सवारों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में उभर रहा है। अब प्रयास हो रहे हैं कि बड़े पैमाने पर बाइकर्स लद्दाख के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दें। इस दिशा में लद्दाख में बाइकिंग को प्रोत्साहित करने के लिए लद्दाख बाइक कोआपरेटिव ने रायल एनफील्ड के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

एक से सात सितंबर तक बाइकर्स का मेला लगेगा

लद्दाख में एक से सात सितंबर तक लद्दाख में बाइक सवारों का मेला लगेगा। देश के विभिन्न हिस्सों से खासी संख्या में बाइक सवारों के दल कश्मीर व मनाली मार्ग से होते हुए लद्दाख पहुंचते थे। कुछ दिन पहले मनाली -लेह मार्ग को भी यातायात के लिए खोल दिया गया है। प्रमुख मोटरसाइकिल विक्रेता कपंनी एनफील्ड ने हाल ही में पहले हिमालयन बेस कैंप- लद्दाख एडिशन एडवेंचर की घोषणा की थी।c

इस पहले कार्यक्रम के तहत चार से छह सितंबर तक लेह में 11,480 फुट की ऊंचाई पर मोटरसाइकिल सवार एकत्र होंगे। एडिशन के लिए मोटरसाइकिल सवारों के पंजीकरण की प्रकिया जारी है। इन तीन दिनों में मोटरसाइकिल सवारों के लिए साहसिक गतिविधियां, कार्यशालाओं आदि का आयोजन होगा।

मोटरसाइकिल सवारों को साइकलिंग, क्याकिंग, पर्वतारोहण जैसी साहसिक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ बाइक सप्ताह के दौरान बाइकर्स को लद्दाख लाने के लिए अन्य अभियानों का भी आयोजन किया जाएगा।

लद्दाख में एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाएं

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना का कहना है कि लद्दाख में एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में लद्दाख बाइक सप्ताह जैसे आयोजन होमस्टे संचालकों, स्थानीय गाइडों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों व छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देंगे। लद्दाख के बाइकर जिगमित का कहना है कि क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर घूमने का आनंद ही अलग है।

बाइकर्स लद्दाख के अछूते इलाकों तक पहुंचते हैं। उनके दूरदराज इलाकों तक पहुंचाने से स्थानीय अर्थव्यस्था को बढ़ावा मिलता है। वे दूरदराज इलाकों में होमस्टे संचालकों के साथ छोटे मोटे व्यापार करने वाले लोगों के साथ सीधा जुड़ाव रखते हैं। जिगमित का कहना है कि सितंबर महीने के पहले सप्ताह में लेह में बाइकर्स का मेला लगना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *