दो साल, 3 उपायुक्त और हर बार बदला ‘डीसी आवास’ का रंग-ढंग, पश्चिमी सिंहभूम में प्रशासनिक शैली भी बनी चर्चा का विषय

पश्चिमी सिंहभूम में पिछले दो वर्षों के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था में लगातार बदलाव देखने को मिला है। जिले को इस अवधि में तीन उपायुक्त मिले और हर नए उपायुक्त के साथ न सिर्फ प्रशासनिक कार्यशैली बदली, बल्कि उपायुक्त आवास का स्वरूप भी बदलता गया।

फरवरी 2024 में कुलदीप चौधरी ने जिले की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल में उपायुक्त आवास को नए सिरे से तैयार कराया गया। भवन निर्माण विभाग ने आवास में कई बदलाव किए थे। कुलदीप चौधरी अपने सख्त लेकिन शांत प्रशासनिक अंदाज के लिए चर्चित रहे।

(वर्तमान उपायुक्त मनीष कुमार)

लोकसभा चुनाव और नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार कैंप कर प्रशासनिक मॉनिटरिंग को लेकर उनकी कार्यशैली की चर्चा हुई थी। कई बार वे अचानक प्रखंड और थाना स्तर के निरीक्षण के लिए पहुंच जाते थे, जिससे अधिकारियों में सतर्कता बनी रहती थी।

इसके बाद मई 2025 में चंदन कुमार उपायुक्त बने। उन्होंने भी अपने अनुसार डीसी आवास में रिनोवेशन कराया। प्रशासनिक सख्ती और तेज फैसलों के कारण उनका कार्यकाल काफी चर्चा में रहा। कई मामलों में उनके निर्णयों को लेकर मानकी-मुंडा समुदाय ने विरोध भी दर्ज कराया था। उस दौरान पारंपरिक ग्राम प्रधान व्यवस्था से जुड़े लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कई बार विरोध प्रदर्शन और बैठकें की थीं।

अब अप्रैल 2026 में मनीष कुमार ने जिले की जिम्मेदारी संभाली है। वर्तमान में वे सर्किट हाउस में रह रहे हैं और उपायुक्त आवास को फिर से रिनोवेट कराया जा रहा है। जिले में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि हर नए डीसी के साथ आवास की सूरत और सुविधाएं भी बदल जाती हैं। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जरूरत के अनुसार मरम्मत और बदलाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।

(चंदन कुमार)

वर्तमान उपायुक्त मनीष कुमार अपनी कार्यशैली को लेकर भी अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चा में हैं। पदभार संभालने के बाद से उन्होंने प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी ला दी है।

(कुलदीप चौधरी)

प्रतिदिन सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण, लगातार समीक्षा बैठकें और अधिकारियों को फील्ड विजिट के निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारियों को कार्यालय से बाहर निकलकर योजनाओं की जमीनी हकीकत जांचने पर जोर दिया जा रहा है।

खास बात यह है कि उपायुक्त स्वयं भी देर रात तक कार्यालय में सक्रिय रहते हैं। रात नौ बजे तक लगातार बैठकों और योजनाओं की समीक्षा का सिलसिला जारी रहता है। प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा आम है कि पश्चिमी सिंहभूम में हर नए उपायुक्त के साथ सिर्फ चेहरा नहीं बदलता, बल्कि प्रशासन चलाने का तरीका भी बदल जाता है।

दो साल में बदले उपायुक्त

नाम पदभार ग्रहण की तिथि विवरण
कुलदीप चौधरी 14 फरवरी 2024 पूर्व उपायुक्त अनन्य मित्तल से प्रभार लिया
चंदन कुमार 27 मई 2025 कुलदीप चौधरी के स्थान पर नए उपायुक्त नियुक्त
मनीष कुमार 18 अप्रैल 2026 चंदन कुमार से कार्यभार संभाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *