सड़कों पर गड्डे भरने के लिए तैनात मेंटेनेंस वैन के काम का प्रतिदिन का रिकाॅर्ड रखा जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मानसून से पहले सख्ती दिखाते हुए दिल्ली भर में अपनी 200 के करीब चल रहीं मेंटेनेंस वैन के संचालकों को प्रतिदिन की रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।
वैन संचालक कर्मी विभाग के कनिष्ठ अभियंता को पूरे एक सप्ताह में की गई गतिविधि का ब्योरा उपलब्ध कराएंगे। अभियंताओं को औचक निरीक्षण करने को भी कहा गया है जिससे रिपोर्ट की सत्यता की जांच हो सके।
मेंटेनेंस वैन संचालकों पर सड़कों पर गड्ढों को भरने के साथ साथ् सड़कों के किनारे जमा मिट्टी को उठाने से लेकर टाइलिंग कार्य, पेंटिंग कार्य, बेल माउथ यानी सड़क के बरसाती पानी के नाले में जाने वाले स्थान की साप्ताहिक सफाई आदि के काम की जिम्मेदारी है।
एक्सईएन के ऑफिस में देनी होगी रिपोर्ट
एक वैन पर चार कर्मी तैनात होते हैं। प्रमुख वैन कर्मी से मिलने वाली रिपोर्ट पर सभी संबंधित कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता अपने हस्ताक्षर कर इसे संबंधित अधिशासी अभियंता के कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
जिसके आधार पर वरिष्ठ अधिकारी मौके का औचक निरीक्षण करेंगे। उस दाैरान कोई भी लापरपवाही मिलने पर कनिष्ठ और सहायक अभियंताओं पर कार्रवाई होगी।
मानसून के दौरान हर वर्ष सड़कों पर बड़े स्तर पर जलभराव होता है। उस समय एक बात यह भी सामने आती है कि सड़कों से नालों में जाने वाले पानी के लिए लगाए गए बेल माउथ ठीक से साफ नहीं किए गए थे।
हर सप्ताह साफ होंगे बेल माउथ
इस तरीके की शिकायतों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने मानसून से पूर्व में ही आदेश जारी कर इस बारे में स्पष्ट कर दिया है कि प्रत्येक सप्ताह बेल माउथ साफ किए जाएंगे। जिससे कि पानी की रुकावट पैदा ना हो।
जानकारों की माने तो बेल माउथ इसलिए भी बंद हो जाते हैं कि सड़कों की सफाई के दौरान उठाई जाने वाली मिट्टी को उठाने की जगह पर बेल माउथ में ही बढ़ा दिया जाता है जिसे वह बंद हो जाते हैं। जबकि यह गंभीर लापरवाही का प्रमाण माना गया है।
इसलिए विभाग ने अभी से ही इस बारे में सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग के पास में 1440 किलोमीटर सड़के हैं। ये वे सड़के हैं जो दिल्ली की प्रमुख सड़के हैं, इन पर होने वाला जलभराव पूरे दिल्ली को प्रभावित करता है।
वैन को करने हैं ये काम
- गड्ढे: अपने क्षेत्र में मौजूदा गड्ढों की संख्या की जांच करना और उन्हें भरना है। यदि कोई गड्ढा नहीं है, तो प्रत्येक शुक्रवार शाम 5 बजे तक शून्य रिपोर्ट जमा करनी होगी।
- टाइलिंग कार्य: साप्ताहिक आधार पर किए गए टाइलिंग कार्य की जांच की जाएगी, जिसे वर्ग मीटर में मापा जाएगा।
- पेंटिंग कार्य: फ्लाईओवर की रेलिंग या सड़क के किनारे के पत्थरों पर किए गए पेंटिंग कार्य की जांच की जाएगी।
- बेल माउथ की सफाई: सड़क के किनारे और फ्लाईओवर के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी के बेल माउथ की सफाई साप्ताहिक आधार पर की जानी है।


