एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पुलिस हिरासत में, ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े आरोपितों की पूछताछ में आया नाम

1724 Shares

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले में पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई बुधवार देर रात दो कथित ड्रग्स पैडलरों की गिरफ्तारी के बाद की पूछताछ के आधार पर की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि आरोपितों ने नाना पटवारी से संबंध होने की बात कही है। वहीं पूछताछ के दौरान नाना ने भी आरोपितों को जानने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि उनका संबंध केवल परिचय तक सीमित था या ड्रग्स नेटवर्क से कोई अन्य कड़ी भी जुड़ी हुई है।

पहले भी ड्रग्स मामले से जुड़ा नाम

सूत्रों के मुताबिक, नाना पटवारी का नाम इससे पहले भी एक ड्रग्स प्रकरण में सामने आ चुका है। इसी वजह से पुलिस इस मामले की कड़ियों को पुराने मामलों से भी जोड़कर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। यहां पर यह भी बता दें कि सात साल पुराने खुशी कुलवाल आत्महत्या कांड में भी नाना का नाम सामने आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *