फोरलेन पर पिपरा रज्जब के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा गिरी। गर्भवती महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कालेज अस्पताल रवींद्रनगर धूस भेज दिया गया।
थाना तुर्कपट्टी के मठिया भोकरिया निवासी गोविंद यादव शुक्रवार की सुबह बोलेरो से कुलकुला देवी का दर्शन करने गए थे। उनके साथ परिचित व रिश्तेदार बबलू यादव, गोविंद यादव व रीमा यादव निवासी मठिया भोकरिया भी थे। दर्शन-पूजन के बाद घर लौटते समय पिपरा रज्जब के सामने पहुंचे कि फोरलेन पर नगर पंचायत द्वारा गिराए गए कूड़े में लगी आग से उठ रहे धुएं के कारण दृश्यता स्पष्ट न होने से ब्रेक लिए कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो डिवाइडर से टकरा कर दूसरी लेन में पहुंच कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। चीख पुकार मच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला व सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। गांव के लोगों ने सड़क किनारे कूड़े का ढेर में आग लगाए जाने पर नाराजगी जताई। कहा कि इसके चलते कई दुर्घटनाएं हो चुकीं। नपं को शिकायत की गई लेकिन इस दिशा में सार्थक कदम नहीं उठाया जा रहा।


