संभल में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर हटाए शेड और अवैध कब्जे

1453 Shares

 शहर में लगातार मिल रही अतिक्रमण की शिकायतों के बाद शनिवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ, यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख बाजार में अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया।

कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलते ही दुकानदारों और ठेला संचालकों में खलबली मच गई। अभियान की शुरुआत यशोदा चौराहा से की गई, जिसके बाद जिला अस्पताल रोड, शंकर चौराहा, तहसील रोड होते हुए कोतवाली तक कार्रवाई की गई।

नगर पालिका कर्मियों ने सड़क किनारे लगाए गए फल के ठेले और अन्य सामान हटवाए। वहीं कई स्थानों पर अवैध रूप से बनाए गए शेड और टीनशेड को बुलडोजर से तोड़ा गया।

अतिक्रमण पर बुलडोजर चला कर हटाए अवैध शेड

प्रशासन की सख्ती देख कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए कब्जों को यातायात व्यवस्था में बाधा का मुख्य कारण बताते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण मिलने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित कराई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

दोबारा कब्जा करने वालों पर होगी जुर्माने की कार्रवाई

सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *