नारनौल PNDT टीम का बड़ा एक्शन, 35000 रुपये में लिंग जांच करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह दबोचा; एक गिरफ्तार

1558 Shares

 जिला समुचित प्राधिकरण पीसीपीएनडीटी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। कार्रवाई डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. हर्ष चौहान के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को पीसीपीएनडीटी टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच का धंधा चल रहा है। सू

चना के आधार पर टीम ने एक गर्भवती महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर आरोपी से संपर्क कराया। आरोपी ने भ्रूण लिंग जांच के लिए 35 हजार रुपए की मांग की। तय योजना के तहत महिला को आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा गया।

जांच कर बताया कि लड़का होगा

जांच के दौरान आरोपी धंतर निवासी कल्याण, जिला झुंझुनूं (राजस्थान) महिला को बाइक पर बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां भ्रूण लिंग जांच की गई। जांच के बाद आरोपी ने इशारों में गर्भ में पल रहे शिशु के लड़का होने की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद पीसीपीएनडीटी टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव गोद के पास नेशनल हाईवे-11 के नीचे फ्लाईओवर के पास आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से हरियाणा और राजस्थान सीमा क्षेत्र में सक्रिय था और अवैध तरीके से भ्रूण लिंग जांच का कारोबार चला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 की विभिन्न धाराओं, आईपीसी की धारा 420, 120बी और एमएमसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *