ओडिशा में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, व्हाट्सएप से चलता था धंधा; 2 महिला सरगना समेत 7 गिरफ्तार

9.7kViews
1185 Shares

 ओडिशा के जटनी स्थित साईं विहार इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो महिला सरगना समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार युवतियों को रेस्क्यू किया गया।

पुलिस के अनुसार, इलाके में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें यह पूरा नेटवर्क सामने आया। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों की पहचान प्रभाती स्वाई और डी. गौरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों साईं विहार इलाके से संगठित तरीके से इस अवैध धंधे का संचालन कर रही थीं।

नौकरी का झांसा देकर फंसाई जाती थीं युवतियां

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की नौकरी की तलाश कर रही युवतियों को निशाना बनाते थे। उन्हें बेहतर रोजगार का लालच देकर इस धंधे में धकेला जाता था

व्हाट्सएप ग्रुप से चलता था नेटवर्क

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। युवतियों की तस्वीरें साझा कर सौदे तय किए जाते थे और फिर मिलने की व्यवस्था कराई जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार दूसरे इलाकों और अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।

मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामान जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। अब डिजिटल रिकॉर्ड और चैट की जांच की जा रही है, ताकि ग्राहक नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और रैकेट के पूरे फैलाव का पता लगाया जा सके।

कोर्ट में पेश किए गए आरोपी

गिरफ्तार सभी सात आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *