लखनऊ एक्सप्रेसवे पर AC बस में आग लगने से कानपुर की महिला यात्री भी जिंदा जली, मरने वालों की संख्या हुई दो

4.1kViews
1716 Shares

लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात करीब दो बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां हादसे में बस आग का गोला बन गई और ड्राइवर और एक महिला यात्री की जलकर मौत हो गई।

मटसेना थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 46 किलोमीटर पर कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक स्लीपर बस ने आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और उसमें पलक झपकते ही भीषण आग लग गई।

देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं और अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और एक्सप्रेसवे पर मौजूद सुरक्षाकर्मी मौके पर दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पहले ड्राइवर, बाद में महिला की भी हो गई मौत

इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। बस चालक शंभू की स्टीयरिंग में फंसने के कारण जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं अब एक महिला यात्री ने भी दम तोड़ दिया है। दोनों के शव बुरी तरह झुलस गए। महिला कानपुर की बताई जा रही है।

एक दर्जन यात्रियों की हालत नाजुक

बस में कुल 30 यात्री सवार थे, जिनमें से दो दर्जन से अधिक यात्री आग की चपेट में आने से झुलस गए हैं। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों में से एक दर्जन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी और सीएफओ सत्येंद्र पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *