बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर मुजफ्फरपुर के उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद सभागार में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
सुशील मोदी स्मृति शोध संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत स्व. मोदी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस मौके पर समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए प्रिंशु मोदी की टीम के नेतृत्व में करीब 200 युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर उन्हें अनूठी श्रद्धांजलि दी।
मेरिन ड्राइव पार्क में लगेगी आदमकद प्रतिमा
श्रद्धांजलि सभा के दौरान नगर विधायक रंजन कुमार ने मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र पढ़ा, जिसमें सिकंदरपुर स्थित नवनिर्मित मेरिन ड्राइव पार्क का नामकरण ‘स्व. सुशील कुमार मोदी पार्क’ करने और वहां उनकी एक आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया।
कार्यक्रम में मौजूद विधानसभा अध्यक्ष, विभिन्न मंत्रियों और विधायकों ने इस प्रस्ताव की सराहना करते हुए ज्ञापन पर अपने हस्ताक्षर किए और इसका पूर्ण समर्थन किया।
संघर्ष के प्रतीक थे सुशील मोदी
सभा को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि स्व. सुशील कुमार मोदी ने बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार और अफसरशाही के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया।
उन्होंने सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और व्यापारियों को विभागीय शोषण से मुक्त कर सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी ने कहा कि स्व. मोदी के मार्गदर्शन में तैयार हुए कई कार्यकर्ता आज जनता और संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं।
समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान
इस गरिमामयी अवसर पर मृत्युंजय कुमार सोनू के नेतृत्व में जनसंघ काल से जुड़े 16 समर्पित स्वयंसेवकों के परिजनों को शॉल और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्रियों- केदार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी सहित रामकृपाल यादव, अरुण शंकर प्रसाद, प्रमोद चंद्रवंशी, श्रीमती रमा निषाद और मंगल पांडेय ने भी स्व. मोदी के राजनीतिक व सामाजिक अवदानों को रेखांकित किया।
इसके अलावा एनडीए के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा और स्थानीय विधायकों अजीत कुमार, राजू कुमार सिंह, प्रमोद कुमार, बेबी कुमारी ने भी अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
देरी से शुरू हुआ कार्यक्रम
स्व. सुशील कुमार मोदी की धर्मपत्नी जेसी मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर आयोजन समिति और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक बंका और धन्यवाद ज्ञापन भाजपा पूर्वी अध्यक्ष विवेक कुमार ने किया।


