पाटल‍िपुत्रा स्‍टेशन पर बवाल मामले में 6 गिरफ्तार, 500 अज्ञात पर एफआईआर, 2 घंटे तक स्‍टेशन पर रही अफरातफरी

 बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा को लेकर शनिवार देर रात पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुए बवाल मामले में पुलिस की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस मामले में छह को गिरफ्तार किया गया है। पाटलिपुत्र जीआरपी थाने में 500 अज्ञात पर एफआईआर कर संदिग्‍धों की ग‍िरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी है। पटना के आईजी ज‍ितेंद्र राणा ने इस मामले में सख्‍त कार्रवाई की बात कही है।

4,128 पदों के लिए 16 लाख अभ्‍यर्थि‍यों ने क‍िया है आवेदन

14 से 17 जून तक 4,128 पदों के लिए परीक्षा होनी है। इसके लिए करीब 16 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। राज्‍यभर में पांच सौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

दो पालियों में होने वाली परीक्षा को लेकर पाटल‍िपुत्रा स्‍टेशन पर काफी संख्‍या में परीक्षार्थियों की भीड़ लगी थी।  अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षार्थियों की संख्या के अनुरूप ट्रेनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।

स्थिति उस समय बिगड़ गई जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई परीक्षा विशेष ट्रेन में चढ़ने को लेकर अफरा-तफरी मच गई।

ट्रेन में सीट और जगह को लेकर अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद नाराज अभ्यर्थियों ने ट्रेन के आगे बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

गुस्‍साए अभ्‍यर्थियों ने जमकर क‍िया पथराव

हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया।

मौके पर आईजी जितेंद्र राणा, एसपी समेत कई वरीय अधिकारी कैंप कर स्थिति की निगरानी करते रहे। हंगामे के दौरान आईजी को भी चोट लगी। रूपसपुर थाना प्रभारी भी मामूली रूप से घायल हो गए।

अभ्यर्थियों के लगातार प्रदर्शन और रेल परिचालन बाधित होने के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने और हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *