आंध्र प्रदेश में पत्रकार जगनमोहन रेड्डी की मंगलवार सुबह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह हर रोज की तरह अपने घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनका पीछा किया और फिर उन पर हमला कर दिया।
रेड्डी ABN आंध्र ज्योति से जुड़े थे। उन पर हमला चित्तूर के V कोटा कस्बे में हुआ। चित्तूर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का गृह जिला भी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पहले हमलावरों ने उनका पीछा किया और फिर तेज धार वाले हथियार से उन पर वार कर दिया।
खून से लथपथ मिली लाश
रेड्डी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी वहीं मौत हो गई। लोगों को वह खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले और उनकी शर्ट फटी हुई थी। इस घटना के बाद से ही पत्रकार संगठनों में आक्रोश फैल गया है।
पुलिस अधीक्षण ने कहा कि घटना तड़के सुबह हुई है और हमलावर बाइक पर आए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभव एंगल से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि रेड्डी की किसी से निजी दुश्मनी तो नहीं थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें बनाई गई हैं। माना जा रहा है कि हमले में करीब 10 लोग शामिल थे। खुफिया टीमों को भी काम में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर जाकर मुआयना किया है और फोरेंसिक टीमों ने सबूत इकट्ठा कर लिया है।


