केमिकल और ज्यादा चीनी वाली आइसक्रीम को कहें बाय! घर पर बच्चों के लिए बनाएं हेल्दी वॉटरमेलन चुस्की

गर्मी के मौसम में बच्चों को आइसक्रीम या चुस्की खाना खूब पसंद होता है, लेकिन बाजार में मिलने वाली आइसक्रीम और पॉपसिकल में प्रिजर्वेटिव्स, आर्टिफिशियल कलर्स और भारी मात्रा में चीनी होती है, जो बच्चों की सेहत के लिए ठीक नहीं है।

ऐसे में आप घर पर ही बेहद आसानी से वॉटरमेलन और किवी पॉपसिकल बना सकते हैं। यह पॉपसिकल न सिर्फ दिखने में एकदम तरबूज के स्लाइस जैसी खूबसूरत लगती है, बल्कि खाने में भी उतनी ही टेस्टी और रिफ्रेशिंग होती है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री

  • तरबूज- 3 कप (बीज निकाले हुए)
  • किवी- 2 या 3 (छीली और कटी हुई)
  • नींबू का रस- 1 बड़ा चम्मच
  • शहद या पिसी चीनी- 2-3 चम्मच
  • ताजा क्रीम या गाढ़ा नारियल का दूध- 3-4 चम्मच
  • चॉकलेट चिप्स- 1 छोटा चम्मच
  • पॉपसिकल मोल्ड और स्टिक्स

बनाने की विधि

  • सबसे पहले तरबूज के टुकड़ों को ब्लेंडर में डालें। इसमें आधा नींबू का रस और स्वादानुसार थोड़ा सा शहद मिलाएं।
  • अब इसे अच्छी तरह ब्लेंड करके स्मूद प्यूरी बना लें। अब इस प्यूरी को एक छलनी से छान लें ताकि कोई बड़ा टुकड़ा या बीज न बचे।
  • इसके बाद पॉपसिकल मोल्ड लें और हर मोल्ड में ऊपर से थोड़ी जगह छोड़ते हुए, लगभग 2/3 हिस्सा तरबूज का जूस भरें।
  • इसके बाद इसमें 3-4 चॉकलेट चिप्स डाल दें, जो फ्रीज होने के बाद तरबूज के बीज जैसे दिखेंगे।
  • अब मोल्ड को फॉयल पेपर से ढकें, बीच में कट लगाकर आइसक्रीम स्टिक डालें और इसे 2 घंटे के लिए फ्रीजर में सेट होने के लिए रख दें।
  • तरबूज की लेयर जब हल्की सेट हो जाए, तब मोल्ड को बाहर निकालें और उसमें ताजा क्रीम या नारियल के दूध में आधा चम्मच शहद मिलाएं।
  • इस मिक्चर की एक बहुत पतली परत जमी हुई तरबूज की लेयर के ऊपर डालें और इसे वापस 30 से 45 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें ताकि यह परत भी सेट हो जाए।
  • अब किवी के टुकड़ों को ब्लेंडर में बचे हुए नींबू के रस और थोड़े से शहद के साथ ब्लेंड कर लें। ध्यान रहे कि इसे बहुत ज्यादा नहीं पीसना है, नहीं तो किवी के काले बीज पिसकर रंग खराब कर देंगे।
  • इसके बाद फ्रीजर से मोल्ड निकालें और क्रीम वाली सफेद लेयर के ऊपर इस हरी किवी प्यूरी को डाल दें।
  • अब मोल्ड को पूरी तरह बंद करके 5 से 6 घंटे या पूरी रात के लिए फ्रीज होने दें। वॉटरमेलन कीवी पॉपसिकल बनकर तैयार है।

पॉपसिकल को मोल्ड से कैसे निकालें?

जब पॉपसिकल पूरी तरह जम जाए, तो इसे सीधे मोल्ड से खींचकर न निकालें, इससे स्टिक बाहर आ सकती है। मोल्ड को 10-15 सेकंड के लिए सामान्य पानी में डुबोकर रखें या नल के बहते पानी के नीचे घुमाएं। इससे पॉपसिकल आसानी से और परफेक्ट शेप में बाहर निकल आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *