पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सांसद सायोनी घोष को लेकर शुरू हुआ विवाद बुलंदशहर के सिकंदराबाद तक आ पहुंचा है। हिंदू संगठनों द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान सिकंदराबाद नगर पालिका चेयरमैन व भाजपा नेता डा. प्रदीप दीक्षित ने विवादित बयान दे दिया। पालिका चेयरमैन ने तृणमूल कांग्रेस सांसद का सिर काटने पर एक करोड़ रुपये का ईनाम देने की बात कहकर राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि सायोनी घोष (Saayoni Ghosh) ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव और शिवलिंग को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी मुद्दे को लेकर सिकंदराबाद में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।प्रदर्शन के दौरान मंच से पालिका अध्यक्ष प्रदीप दीक्षित ने कहा कि ‘जो भी व्यक्ति सायोनी घोष का सिर काटकर लाएगा, उसे मेरी तरफ से एक करोड़ रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।’ उनके इस बयान का वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। बयान सामने आने के बाद विपक्षी दलों और स्थानीय लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। राजनीतिक लोग एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की टिप्पणी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट जियाउर्रहमान ने कहा कि भाजपा चेयरमैन का बयान दर्शा रहा है कि भाजपा महिला सशक्तिकरण को लेकर कितनी गंभीर है। भाजपा नेता महिलाओं को लेकर जिस प्रकार बयान दे रहे हैं, उससे इनकी मानसिकता पता चल रही है। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस प्रशासन या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की बात सामने नहीं आई है।
वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं कर लोग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि अभी मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


