‘ED-CBI को गुंडों की तरह कर रहे इस्तेमाल पर रुपये की गिरती कीमत को नहीं संभाल सकते’; PM मोदी पर भड़के AAP नेता

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 100 करोड़ रुपये से अधिक के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दीपक सिंगला के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईडी की टीम ने दिल्ली और गोवा समेत उनके कई ठिकानों पर ताबड़तोबड़ छापामारी की है। वहीं, ईडी की कार्रवाई पर मनीष सिसोदिया समेत आप के अन्य नेताओं ने भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

ईडी की टीम ने पूर्वी दिल्ली के स्वास्थ्य विहार स्थित दीपक सिंगला के आवास पर छापा मारा। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। दीपक सिंगला के घर रे बाहर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों की टीम अंदर दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है।

ईडी की छापामारी पर भड़के मनीष सिसोदिया

ईडी की कार्रवाई कते बाद आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने एक्स पर पोस्ट डालते हुए भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ED, CBI और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को अपने गुंडों की तरह इस्तेमाल करके पीएम मोदी विपक्षी नेताओं को चुनाव जीतने से रोक सकते हैं। लेकिन वे देश की अर्थव्यवस्था या रुपये की गिरती कीमत को संभाल नहीं सकते।

ईडी बीजेपी की चुनावी विंग बन गई

आप नेता अनुराग ढांडा ने भी बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट डालते हुए लिखा, ईडी, बीजेपी की चुनावी विंग बन गई है। इसीलिए वह ड्रग मनी और टेरर फंड पर कोई एक्शन नहीं ले पा रही है, जिसके लिए इसे बनाया गया था। आम आदमी पार्टी के गोवा को-इंचार्ज के घर पर रेड डाली गई ताकि गोवा में पार्टी की चुनावी तैयारियों में रुकावट आए। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी सरकार ने गोवा में कोई काम नहीं किया है, और अब वह चुनाव में आप से डर रही है?

बंगाल के चुनाव में ईडी का दुरुपयोग किया

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, ‘पूरे देश ने देखा कि किस तरह से बंगाल के चुनाव में भाजपा ने टीएमसी के खिलाफ ईडी का प्रयोग किया। उन्होंने दावा किया कि ईडी के माध्यम से टीएमसी के संगठन का सारा डाटा चुरा लिया गया। कहा कि चुनाव से पहले कुछ लोगों को जेल भी भेज दिया गया, जबकि चुनाव खत्म होते ही उन्हें जेल से छोड़ दिया गया।’

बंगाल के बाद पंजाब और गोवा पर नजर

आतिशी ने कहा कि बंगाल के बाद अब बीजेपी की नजर पंजाब पर है। उन्होंने कहा, पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेताओं के घरों पर रेड शुरू हो गई है। कहा कि जो नेता बीजेपी में चले गए उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही लेकिन, संजीव अरोड़ा जैसे नेता को जेल भेज दिया गया। क्योंकि उन्होंने बीजेपी में जाने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा, ‘अब पंजाब के बाद अगला नंबर गोवा का आ गया है। क्यों बीजेपी को पता है कि यहां के लोग भाजपा की सरकार से नफरत करते हैं।’

उन्होंने कहा कि बीजेपी को डर है कि फरवरी में होने वाले चुनाव में यहां की जनता उन्हें उखाड़ फेकेंगी, क्योंकि गोवा में आप का ग्राफ बढ़ रहा है और यहां के लोग आम आदमी पार्टी को पसंद कर रहे हैं। इसलिए इन्होंने गोवा में भी आप नेताओं के घरों पर रेड शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *