जालंधर के रैनक बाजार स्थित एसी मार्केट की बेसमेंट में शनिवार सुबह करीब 10 बजे को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बेसमेंट में बड़ी मात्रा में कूड़ा और कबाड़ जमा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
आग बुझाने के लिए पानी की तीन गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बेसमेंट से धुआं निकलता देख दुकानदारों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
आग के कारण फैला धुआं।
आवाजाही हुई प्रभावित
आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए बाजार में लोगों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही। दुकानदारों का कहना है कि बेसमेंट में लंबे समय से कूड़ा और कबाड़ पड़ा हुआ था, जिसमें गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामान की मात्रा अधिक थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने जलती हुई बीड़ी या सिगरेट वहां फेंक दी होगी, जिससे कूड़े में आग लग गई और धीरे-धीरे उसने बड़ा रूप ले लिया।
घटना में कोई घायल नहीं
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग से बेसमेंट में पड़े कबाड़ और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजारों की बेसमेंट और खाली स्थानों में जमा कूड़े-कबाड़ की नियमित सफाई करवाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


