स्मार्ट सिटी मिशन के तहत ओल्ड फरीदाबाद में बनी पहली मल्टीलेवल कार पार्किंग शुरू हो गई है। खास बात यह है कि अभी यहां कार खड़ी करने की एवज में कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
लोग फ्री में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। 100 कार खड़ी होने की क्षमता वाली चार मंजिला कार पार्किंग में ट्रायल पूरा होने के बाद अब पार्किंग शुरू कर दी है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनाई गई इस पार्किंग का 24 जनवरी 2024 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उद्घाटन करा दिया गया था। जबकि इसमें कई काम बचे हुए थे।
फ्री पार्किंग का लाभ उठाएंगे लोग
इसके बाद कार पार्किंग के रखरखाव व पार्किंग शुल्क को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसलिए इसे शुरू नहीं किया जा सका था। याद रहे ओल्ड फरीदाबाद की मार्केट शहर की सबसे पुरानी मार्केट में शुमार है।
यहां हजारों दुकानें हैं। यहां सामने ओल्ड फरीदाबाद चौक को जाने वाली मुख्य सड़क है। बड़ा निजी अस्पताल भी है। इसलिए यहां आने वाले लोग इसी के दाएं-बाएं जगह-जगह सैकड़ों वाहन खड़े हाेते हैं। इस वजह से आवागमन प्रभावित होता है।
कई बार जाम लग जाता है। इसलिए यहां पार्किंग स्थल बनाने की योजना तैयार बनाई। स्मार्ट सिटी मिशन के प्रबंधक बीर सिंह ने बताया कि लोग निश्शुल्क कार पार्किंग का लाभ उठाएं।


