आजमगढ़ में अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ में दो के पैर में लगी गोली, चार गिरफ्तार

5.0kViews
1603 Shares

बरदह थाना और दीदारगंज थाना की पुलिस के साथ अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाशों के दो साथियों को भी मौके से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए।

पुलिस ने इनके पास से चोरी की तीन भैस के साथ ही एक पिकअप, एक बाइक और दो अवैध असहला और कारतूस के साथ ही सात हजार रुपये नगद बरामद किया है। एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि थाना दीदारगंज पुलिस ने सूचना के आधार पर शारदा नहर स्थित सुघरपुर पुलिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की पिकअप को रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में राशिद निवासी थाना हंसवर, जनपद अंबेडकर नगर घायल हो गया। अशफाक उर्फ मोनू निवासी थाना अहरौला को मौके से ही गिरफ्तार किया गया। इनके साथ शामिल एक अभियुक्त उमर अली उर्फ नन्हकू फरार हो गया। मौके से एक देशी तमंचा, कारतूस एवं एक पिकअप वाहन बरामद किया गया और अभियुक्त अशफाक की निशानदेही पर चोरी की एक भैंस बरामद की गई। इसीक्रम में थाना बरदह पुलिस को सूचना मिली कि पशु चोरी करने वाले अभियुक्त मोटरसाइकिल एवं पिकअप से आ रहे हैं।

ग्राम कोदहरा के पास पुलिस टीम की घेराबंदी करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फिरोज निवासी थाना अकबरपुर, जनपद अंबेडकर नगर घायल हो गया। जुबैर निवासी थाना गम्भीरपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ शामिल बदमाश रिंकू यादव अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। मौके से एक तमंचा, कारतूस के साथ भैंस बेचने से मिले सात हजार रुपये, एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों में रेकी कर रात में भैंसों की चोरी करते थे और चोरी के पशुओं को व्यापारियों के माध्यम से बेचकर धनराशि आपस में बांट लेते थे। अभियुक्तों ने थाना बरदह, दीदारगंज, महाराजगंज एवं कप्तानगंज क्षेत्रों सहित कुल पांच घटनाओं (पशु चोरी) में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *