फरीदाबाद में अफसरों पर गिरी गाज, मॉल के सामने वाली सड़क में मिली धांधली; 2 एसडीओ और एक जेई को नोटिस जारी

जिला सतर्कता एवं निगरानी कमेटी की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की फटकार के बाद नगर निगम अधिकारियों ने नींद से जागते हुए खराब सड़कों को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। चीफ इंजीनियर ने दो अलग-अलग सड़कों को लेकर एसडीओ और जेई को नोटिस जारी किया है।

इनमें से एक सड़क को दोबारा से तोड़ने का काम भी शुरू कर दिया है। इसको ठेकेदार दोबारा से अपने खर्च से बनाएगा। इनमें एक माॅल ऑफ फरीदाबाद के सामने बनाई गई आरएमसी सड़क और दूसरी एनएचपीसी चौक से बाइपास तक बनाई गई सड़क शामिल है।

जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में पृथला के विधायक रघुवीर तेवतिया ने मुजेड़ी से नवादा जाने वाली सड़क के मामले को उठाया था। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से शिकायत करते हुए कहा था कि सड़क को कुछ समय पहले ही बनाया गया था।

सड़क अभी से ही उखड़ने लगी है। इसके बाद विधायक धनेश अदलखा ने भी खराब सड़कों को लेकर शिकायत की। जिस पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर पूरी तरह से बिफर पड़े।

उन्होंने गुस्सा होते हुए कहा कि जनता के पैसे को वह ऐसे खाने नहीं देंगे। निगम को प्रत्येक सड़क की गुणवत्ता जांचनी होगी। इसके साथ ही उन्होंने तीन साल में बनाई गई सड़कों का रिकार्ड भी निगम से मांग लिया।

माॅल ऑफ फरीदाबाद के सामने बनाई गई सड़क में पाई गई गड़बड़ी

बड़खल विधानसभा क्षेत्र में स्थित माॅल ऑफ फरीदाबाद के सामने बनाई गई आरएमसी सड़क को कुछ समय पहले ही बनाया गया था। लेकिन सड़क में कई तरह की गड़बड़ी पाई गई है। सड़क की सतह बनाने में ठीक से नहीं काम नहीं किया गया।

सड़क की सतह ऊपर नीचे हैं। जिससे हादसा भी हो सकता है। इसके साथ ही फिनिशंग का काम भी ठीक तरीके से नहीं किया गया। इसमें एसडीओ प्रेम को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है।

एनएचपीसी से बाइपास जाने वाली सड़क को दोबारा गया तोड़ा

एनएचपीसी से बाइपास जाने वाली सड़क को भी दोबारा से तोड़कर बनाया जा रहा है। इस सड़क को 10 दिन पहले ही बनाया गया था। चीफ इंजीनियर विवेक गिल ने कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान के साथ सड़क का निरीक्षण किया तो पाया कि निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग की जा रही है।

जिसके बाद सड़क को तोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एसडीओ और जेई को भी नोटिस जारी किया गया। हालांकि एसडीओ संजय बंसल को बुधवार को ही सस्पेंड कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *