Supaul News: कोसी इलाके में ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा, 1.44 KG स्मैक के साथ 4 गिरफ्तार

6.6kViews
1852 Shares

नशीले पदार्थों से जुड़े कारोबारियों की कमर तोड़ने के लिए अपनी कमर कस चुकी सुपौल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1.440 किलोग्राम स्मैक बरामद करने के साथ-साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा, एक चार चक्का वाहन सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है। शराबबंदी के बाद सुपौल जिले में अपना पैर जमा चुके महंगे नशे की इतनी बड़ी खेप पहली बार पुलिस द्वारा बरामद की गई है।

इस बाबत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि बुधवार को जदिया थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि चार पहिया वाहन से मादक पदार्थ के तस्कर रानीगंज की ओर से जदिया लेकर आने वाले हैं।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्रिवेणीगंज के डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित किया गया और संदिग्ध वाहनों को चिह्नित कर उसे रोकते हुए उसकी तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई। तलाशी के दौरान एक चार चक्का वाहन से उक्त स्मैक बरामद किया गया। साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार व्यक्ति में जदिया थाना के पिलुवाहा, वार्ड नंबर 05 निवासी कुंदन कुमार व सुचित कुमार, पिलुवाहा, वार्ड नंबर 04 निवासी संजय यादव तथा जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 11 निवासी प्रदीप कुमार शामिल है। वहीं पुलिस ने दो चार चक्का वाहन को जब्त कर ली।

इसके अलावा 750 एमएल अंग्रेजी शराब, तीन मोबाइल, 2600 नकद, 10 एटीएम कार्ड तथा एक पैन कार्ड भी बरामद किया गया। कहा कि इस गैंग के बारे में और अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। इसके आगे व पीछे का जो भी लिंक है उस पर काम किया जाएगा।

इस मामले में और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर त्रिवेणीगंज डीएसपी विभाष कुमार, जदिया थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *