देवरिया के तरकुलवा में दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर रूप से घायल

1894 Shares

दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना तरकुलवा कस्बे में बुधवार की रात करीब 12 बजे हुई। थाना क्षेत्र के दुबे टोला बंदर गेट के निकट आधी रात को दो ट्रकों में टक्कर के बाद अफरातफरी मच गई। एक ट्रक देवरिया से बोल्डर लादकर कसया की तरफ जा रहा था, जबकि कसया की तरफ से डाक पार्सल लेकर आ रहा ट्रक देवरिया की ओर जा रहा था। दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक क्षतिग्रस्त होकर पलट गया, जबकि दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर केनरा बैंक के निकट लगे बोर्ड में जा भिड़ा। गनीमत रही कि हादसे में अन्य कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने हाइड्रा मंगाकर दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाने का काम शुरू किया।

थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया है। दोनों ट्रकों के मालिकों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *