गढ़वा में शिक्षा व्यवस्था पर प्रशासन सख्त: 67 विद्यालयों का औचक निरीक्षण, कई शिक्षक मिले गैरहाजिर

4.0kViews
1436 Shares

उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर जिले के विभिन्न मध्य विद्यालयों, प्राथमिक विद्यालयों एवं उच्च विद्यालयों में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रज़ा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज सहित जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी,प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियो ने विभिन्न विद्यालयो का निरीक्षण किया। अलग अलग गठित टीम ने जिले के कुल 67 विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, मध्याह्न भोजन एवं विद्यालय संचालन की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रज़ा द्वारा जमा दो उच्च विद्यालय रंका, नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्कूल रंका एवं परियोजना बालिका उच्च विद्यालय रंका का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में कई शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा आवश्यक विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज द्वारा प्रखंड मेराल अंतर्गत मध्य विद्यालय पेशका, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गिरवासोती, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोला चामा एवं उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कोलोदोहर का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कोलोदोहर बंद पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का भी औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *