लुधियाना को मिली बड़ी सौगात, दिल्ली से पहली उड़ान हलवारा पहुंची; रवनीत बिट्टू समेत बड़े नेता बने पहले यात्री

आखिरकार लुधियाना और देश की राजधानी दिल्ली के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह दिल्ली से रवाना हुई पहली उड़ान हलवारा हवाई अड्डे पर पहुंची तो यात्रियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस ऐतिहासिक उड़ान में केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत बिट्‌टू विशेष तौर पर पहुंचे। उनके साथ राज्यसभा सदस्य विक्रमजीत साहनी और रजिंदर गुप्ता भी मौजूद रहे।

पहली उड़ान में लुधियाना के कई प्रमुख यात्री और जिला भाजपा के वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे। बताया जा रहा है कि पहली उड़ान में लगभग 55 यात्रियों ने यात्रा की। लंबे समय से लुधियाना के लोग सीधे हवाई संपर्क की मांग कर रहे थे। अब यह सेवा शुरू होने के बाद उद्योग नगरी को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एयरपोर्ट पर हुआ उड़ान का स्वागत

हलवारा हवाई अड्डे पर पहली उड़ान के पहुंचने पर यात्रियों का स्वागत किया गया। लोगों ने इसे पंजाब, विशेषकर लुधियाना के लिए ऐतिहासिक पल बताया। व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से यह सेवा काफी अहम मानी जा रही है। उद्योगपतियों और कारोबारियों का कहना है कि दिल्ली के साथ सीधा हवाई संपर्क शुरू होने से व्यापार, निवेश और आवागमन को नई गति मिलेगी।केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू ने कहा कि यह केवल एक उड़ान सेवा नहीं, बल्कि लुधियाना के विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस हवाई सेवा का दायरा और बढ़ाया जाएगा ताकि लोगों को देश के अन्य बड़े शहरों से भी सीधा संपर्क मिल सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लोग इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे और अब यह सपना पूरा हो गया है।

दिल्ली और हलवारा के बीच प्रतिदिन दो-दो उड़ानें संचालित की जाएंगी। पहली उड़ान संख्या एआई 481 सुबह 5:55 बजे दिल्ली से रवाना होकर 7:05 बजे हलवारा पहुंचेगी। वापसी में एआई 482 सुबह 7:55 बजे हलवारा से उड़ान भरकर 9:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

दूसरी उड़ान एआई 483 दोपहर 12:55 बजे दिल्ली से रवाना होकर 2:10 बजे हलवारा पहुंचेगी। इसके बाद एआई 484 दोपहर 2:40 बजे हलवारा से रवाना होकर 3:55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह हवाई सेवा सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी, जिससे यात्रियों को नियमित सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *