सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाकर 5 लाख रुपये की उगाही करने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली बैढ़न पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
उक्त मामले पर सिंगरौली पुलिस अधीक्षक शियाज केएम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उक्त मामले में जानकारी साझा की। मिली जानकारी के अनुसार थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 569/26 दर्ज किया गया है। फरियादी डॉक्टर आलोक (परिवर्तित नाम) निवासी बैढ़न ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके मोहल्ले में रहने वाली 24 वर्षीय महिला साक्षी से उसकी पहचान ट्रामा सेंटर आने-जाने के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई।

आरोप है कि दिनांक 08 मई 2026 को महिला ने वीडियो कॉल के माध्यम से डॉक्टर को अपने जाल में फंसाया और बातचीत के दौरान अश्लील एवं आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद महिला ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर डॉक्टर से 5 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। पीड़ित डॉक्टर का आरोप है कि रकम नहीं देने पर उसकी पत्नी को वीडियो भेजने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव से परेशान होकर डॉक्टर ने पूरे मामले की शिकायत कोतवाली बैढ़न में दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर राहुल सैयाम के नेतृत्व में थाना प्रभारी बैढ़न और पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वीडियो बनाने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(6) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है तथा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, उप निरीक्षक चांदनी सिंह, उप निरीक्षक प्रियंका मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक पप्पू सिंह, प्रधान आरक्षक संजीत, आरक्षक अभिमन्यु उपाध्याय एवं महिला आरक्षक वंदना तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।


