सेक्टर-29 स्थित एक सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन पर महिला कैब ड्राइवर के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि पास खड़ी दूसरी कैब के ड्राइवर ने महिला के सामने जानबूझकर मोबाइल पर अश्लील सामग्री चलाई।
पीड़िता के अनुसार वह अपनी गाड़ी चार्ज कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में खड़ी दूसरी कैब का ड्राइवर अपने मोबाइल पर खुलेआम अश्लील कंटेंट देखने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपित ने जानबूझकर मोबाइल की स्क्रीन उसकी तरफ कर रखी थी। शुरुआत में महिला ने माहौल खराब होने के डर से इस हरकत को नजरअंदाज करने की कोशिश की। लेकिन जब आरोपित की हरकतें बंद नहीं हुईं तो महिला ने उसका वीडियो रिकार्ड कर लिया।
वीडियो प्रसारित, पुलिस कर रही जांच
महिला ने इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। गुरुवार सुबह वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। सेक्टर 29 थाना पुलिस के अनुसार अभी तक थाने में इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। सेक्टर-29 पुलिस मामले के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

