गुरुग्राम नगर निगम ने की अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर कार्रवाई, न्यू कॉलोनी से बादशाहपुर तक चला बुलडोजर
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनुपालना में नगर निगम गुरुग्राम की ओर से अवैध निर्माण, अतिक्रमण और अवैध कब्जों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। निगम की विभिन्न इन्फोर्समेंट टीमों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई कर सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अभियान के तहत न्यू लोनी, ज्योति पार्क, मदनपुरी सर्कुलर रोड, बादशाहपुर, सीआरपीएफ रोड, सेक्टर-63 और सुखराली एन्क्लेव में कार्रवाई की गई। टीमों ने सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। साथ ही मुनादी कराकर अतिक्रमणकारियों को अपना सामान और ढांचे हटाने की हिदायत दी गई।
बस स्टैंड क्षेत्र में निगम टीम ने अवैध यूनिपोल हटाए। इसके अलावा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद रेहड़ी-पटरी, खोखे और अन्य अस्थायी स्ट्रक्चर भी हटाए गए। निगम का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त करना, यातायात व्यवस्था सुचारु करना और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।
पूरे महीने जारी रहेगा अभियान
निगम की टीमों द्वारा सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर कब्जों और अतिक्रमण की पहचान की जा रही है। जरूरत के अनुसार मौके पर कार्रवाई की जा रही है। लोगों को मुनादी और अन्य माध्यमों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
अतिक्रमण पर नहीं होगा समझौता
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम में सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथों और सरकारी व निगम भूमि पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के दौरान निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम बनाना है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

