कटिहार में कोर्ट में पेशी से ठीक पहले शख्स की गला रेतकर हत्या, जमीन विवाद में भतीजे पर लगा आरोप

बरारी थाना क्षेत्र के सिक्कट पंचायत अंतर्गत बड़ी बंका वार्ड संख्या आठ में सोमवार देर रात्रि एक 58 वर्षीय व्यक्ति की सुप्तावस्था में धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान मो. मुस्तफा के रूप में हुई।

मृतक की पत्नी मुफरेजा खातून ने पूर्व से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर मृतक के भतीजे मो अखलाक व पड़ोसी मो मंसूर पर हत्या का आरोप लगाया है। भूमि विवाद में पूर्व में हुए मारपीट मामले में मो. मुस्तफा का भाई व एक भतीजा जेल में बंद है।

मंगलवार को होने वाली थी पेशी

बताया जाता है कि विवाद के निपटारे को लेकर पंचायत स्तर पर सुलहनामा की प्रक्रिया भी चल रही थी। मंगलवार को मो. मुस्तफा की न्यायालय में पेशी निर्धारित थी, जहां न्यायिक सहमति के आधार पर उसके भाई और भतीजे की रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़नी थी। लेकिन पेशी से ठीक एक रात पहले हुई हत्या ने पूरे मामले को जटिल एवं संगीन बना दिया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि बड़ी बंका निवासी मो. मुस्तफा झाड़-फूंक का कार्य करता था। सोमवार को भी वह देर शाम तक लोगों का उपचार करने के बाद भोजन कर घर के बरामदे पर सो गया था। उसकी पत्नी और पतोहू घर के अलग-अलग कमरों में सोई हुई थी। इसी दौरान देर रात बदमाशों ने बरामदे में सो रहे मुस्तफा के पेट पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

आरोपी चारदीवारी फांदकर फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चारदीवारी फांदकर फरार हो गया। हमले के दौरान मुस्तफा की चीख सुनकर उसकी पत्नी और पतोहू बाहर पहुंचीं तो देखा कि वह लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिरा पड़ा है। जब तक स्वजन आसपास के लोगों को सूचना देते उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच फारेंसिक टीम एवं स्क्वाड डाग की मदद से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *