टाउनहाल स्थित थोक दवा बाजार भलोटिया मार्केट में शुक्रवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रथम तल पर संचालित दवा दुकान से निकल रही आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 8:22 बजे भलोटिया मार्केट में प्रथम तल पर स्थित वेदिका ट्रेडर्स में आग लगी थी। धुआं और लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने सूचना डायल 112 पर दी। जिस स्थान पर आग लगी, उसके आसपास दवाओं की कई दुकानें सटी हुई हैं।
सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर फायर स्टेशन गोलघर से दो फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन कर्मियों ने मोटर फायर इंजन के जरिए पंपिंग शुरू कर आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) संतोष कुमार राय और अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) शांतनु कुमार यादव भी मौके पर मौजूद रहे। दुकान संचालक अनुज अग्रवाल को भी घटना की सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों के अनुसार आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।


