Kal Ka Mausam 13 August: बिहार में फिर जोर पकड़ेगा मॉनसून, तेज हवाओं के साथ गिर सकती है बिजली
बिहार में मॉनसून की गतिविधियां एक बार फिर जोर पकड़ने वाली हैं। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर चक्रवाती प्रणाली में बदल रहा है।
इसके प्रभाव से आगामी 14 से 18 अगस्त के दौरान बिहार के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा।
पिछले 24 घंटों में मौसम का हाल
बीते 24 घंटों में राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में अनेक स्थानों पर तथा दक्षिण-मध्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
टेकारी में 44.2 मिमी, गोह में 35.6 मिमी, गया (एयरपोर्ट) में 32.0 मिमी, अकबरपुर में 30.2 मिमी और मोहिउद्दीननगर में 26.4 मिमी बारिश हुई।
राज्य में सबसे गर्म सुपौल रहा, जहां पारा 37.4°C दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान गयाजी में 24.8°C रहा। लखीसराय में 39 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं।
क्यों बदलेगा मौसम?
उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले 12 से 24 घंटों में ‘डिप्रेशन’ में बदलकर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।
समुद्र तल पर मॉनसून ट्रफ बीकानेर, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, सतना, डाल्टनगंज से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव से बिहार में 14 अगस्त से बारिश की तीव्रता बढ़ेगी।
13 अगस्त को मौसम
राज्य के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व के जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। दक्षिण-बिहार के जिलों में 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और मेघगर्जन/वज्रपात की आशंका है।
अधिकतम तापमान
अगले 2-3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा (34°C से 36°C के बीच रहेगा)। इसके बाद बारिश बढ़ने से पारे में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

