बिहार सरकार के मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने कहा है कि राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बिहार को अपराधमुक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य लगातार होते रहेंगे, लेकिन अपराध और गुंडागर्दी पर नियंत्रण सबसे जरूरी है, क्योंकि यही विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा बनते हैं।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली और खेती-बाड़ी से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार सरकार लगातार कर रही है।
अपराधियों की वजह से होतीं समस्याएं
राज्य में विकास योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है, लेकिन अपराधियों की गतिविधियों के कारण समाज में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसलिए पहले अपराध और अपराधियों से मुक्ति जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। सरकार कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
मंत्री ने जाति विशेष के अपराधियों को निशाना बनाए जाने संबंधी सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अपराध को जाति से जोड़ना उचित नहीं है। अपराधियों की कोई जाति नहीं होती और ऐसे बयान मानसिक दिवालियापन को दर्शाते हैं।
जिस जाति का अपराधी, उसी जाति को पहले नुकसान
उन्होंने कहा कि अपराधी जिस समाज या जाति से आता है, उसका सबसे अधिक नुकसान उसी समाज को उठाना पड़ता है। ऐसे में अपराध को जातीय रंग देना उचित नहीं है।
बता दें कि श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने 11 मई को योजना एवं विकास विभाग के मंंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए।


