जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मामले में बुधवार को सीआईडी की टीम ने पलामू में छापामारी की। सीआईडी की टीम गिरफ्तारी वारंट लेकर दो शिक्षकों को पकड़ने पहुंची थी, लेकिन दोनों अपने-अपने घरों पर नहीं मिले।
इस कार्रवाई में सीआईडी के अधिकारियों के साथ पलामू पुलिस की टीम भी शामिल रही। जानकारी के अनुसार, इससे पहले तीन अगस्त को सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में छापामारी की थी।
इस दौरान नौडीहा बाजार निवासी सरकारी शिक्षक संतोष कुमार सिंह तथा मेदिनीनगर के हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार के आवासों की तलाशी ली गई थी। जांच के दौरान दोनों के घरों से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे।
बुधवार को सीआईडी की टीम गिरफ्तारी वारंट के साथ एक बार फिर दोनों शिक्षकों के ठिकानों पर पहुंची। शिक्षक संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर के हमीदगंज स्थित आवास पर भी टीम ने दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी शिक्षक फरार मिले।
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में पलामू पुलिस ने सीआईडी का पूरा सहयोग किया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

