रेलवे बोर्ड ने 14663/14664 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस (Amritsar New Jalpaiguri Amrit Bharat Train) को लेकर नया आदेश जारी किया है। 11 मई 2026 को जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन के रूट, ठहराव (स्टॉपेज) और समय-सारणी में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
यह नया आदेश 25 फरवरी 2026 को जारी पुराने आदेश का स्थान लेगा। रेलवे मंत्रालय के निर्देश के बाद अब यह ट्रेन संशोधित मार्ग से नियमित रूप से संचालित की जाएगी।
सबसे खास बात यह है कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी वाणिज्यिक ठहराव सूची में ठाकुरगंज स्टेशन को भी शामिल किया गया है। इससे किशनगंज, ठाकुरगंज, अररिया, सिलीगुड़ी और नेपाल सीमा क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोग उत्तर भारत के लिए बेहतर रेल सुविधा की मांग कर रहे थे।
सप्ताह में एक दिन चलेगी ट्रेन:-
रेलवे द्वारा जारी नई समय-सारणी के अनुसार यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। 14664 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर से चलेगी। वहीं 14663 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होगी।
यह होगी नई समय-सारणी:-
14664 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस अमृतसर से दोपहर 12:45 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन सीतापुर सिटी, गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, पनियाहवा और फोर्ब्सगंज होते हुए शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में 14663 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार सुबह 8:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से चलेगी और फोर्ब्सगंज, गोरखपुर, गोंडा सहित कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए सोमवार तड़के 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
सीमांचल और नेपाल सीमा क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ:-
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी सूची में ठाकुरगंज समेत सीमांचल क्षेत्र के कई स्टेशनों को वाणिज्यिक ठहराव में शामिल किए जाने से यात्रियों में खुशी देखी जा रही है।
इस ट्रेन के परिचालन से पंजाब, दिल्ली और उत्तर भारत की ओर यात्रा करने वाले मजदूरों, छात्रों, व्यवसायियों एवं आम यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
विशेष रूप से ठाकुरगंज और किशनगंज क्षेत्र के यात्रियों को अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए कटिहार या न्यू जलपाईगुड़ी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नेपाल सीमा से सटे इलाकों के लोगों को भी सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे व्यापारिक और सामाजिक संपर्क मजबूत होने की संभावना है।
अमृत भारत एक्सप्रेस को आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन माना जा रहा है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर सीटिंग व्यवस्था, आधुनिक कोच, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन सीमांचल क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


