सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निगाही कॉलोनी मुख्य गेट के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह लगभग 10 बजे सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय महुआ का पेड़ अचानक भरभराकर मुख्य सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने के दौरान उसकी चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर जाने से नवानगर से जयंत जाने वाला मुख्य मार्ग घंटों तक बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि सड़क से गुजर रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इसी दौरान एक बाइक सवार पेड़ की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही नवानगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए नेहरू चिकित्सालय भिजवाया। बताया जा रहा है कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
इधर सड़क पर विशाल पेड़ गिरने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा पेड़ हटाने के लिए दो-दो जेसीबी मशीनें मौके पर बुलाई गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर सड़क से हटाया जा सका, तब जाकर आवागमन सामान्य हो पाया।


