बरगवां में कबाड़ माफिया बेखौफ! कौन है “पप्पू कबाड़ी” गोरबी के दिलीप कबाड़ी से कैसे जुड़े तार?

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में कथित तौर पर संचालित हो रहे अवैध कबाड़ कारोबार को लेकर एक बार फिर पुलिस व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। एक ओर जिले के नए पुलिस कप्तान शियाज केएम अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बरगवां क्षेत्र में खुलेआम चल रहे कथित कबाड़ नेटवर्क ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में “पप्पू कबाड़ी” नाम से चर्चित एक व्यक्ति पर चोरी के कबाड़ के कारोबार को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि उसके गुर्गे क्षेत्र में रेलवे सामग्री, बिजली पोल और अन्य लोहे के सामान को निशाना बना रहे हैं। इतना ही नहीं, NCL क्षेत्रों से भी लगातार कबाड़ चोरी की घटनाओं की चर्चाएं आम हो चुकी हैं।

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि यह गिरोह रात के अंधेरे में सक्रिय होकर NCL गोरबी, निगाही एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से कथित तौर पर लोहे और अन्य कबाड़ सामग्री की चोरी करवाता है। इसके बाद चोरी का माल बरगवां स्थित कथित कबाड़ दुकान तक पहुंचाया जाता है, जहां से आगे दूसरे स्थानों पर खपाने का काम किया जाता है।इस पूरे नेटवर्क में गोरबी क्षेत्र के एक कथित कबाड़ी “दिलीप” का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में इस गिरोह की गतिविधियों को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हैं।

सूत्र यह भी बताते हैं कि इस पूरे अवैध कारोबार को संरक्षण देने में “संजय” नामक व्यक्ति की भूमिका होने की चर्चा है। हालांकि यह केवल स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोप हैं और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ जिम्मेदार लोगों को कथित तौर पर “नजराना” देकर पूरे नेटवर्क को संरक्षण दिलाया जा रहा है, जिसके चलते कार्रवाई नहीं हो पा रही।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब क्षेत्र के आम लोगों तक इस कथित अवैध कारोबार की जानकारी है, तो आखिर बरगवां पुलिस अब तक अनजान क्यों बनी हुई है? क्या पुलिस को इन गतिविधियों की भनक नहीं, या फिर कार्रवाई जानबूझकर टाली जा रही है? अब देखना यह होगा कि जिले के पुलिस कप्तान इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कथित कबाड़ माफिया पर कब तक शिकंजा कसता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *