‘नेहरू ने तो सोना दान करने की अपील की थी’, भाजपा ने राहुल पर किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को राहुल गांधी पर उनके उस बयान को लेकर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की जनता से पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य तेल की खपत कम करने की अपील की आलोचना की।

केंद्रीय मंत्री ने पूछा कि क्या देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को 1962 में चीन के साथ युद्ध के दौरान असफल माना जाना चाहिए, क्योंकि उस समय उन्होंने देशवासियों से सोना दान करने की अपील की थी। भाजपा ने विपक्ष पर भी तीखा हमला करते हुए उनसे वैश्विक संकट के दौरान ”शत्रुता और पूर्वाग्रह” से प्रेरित राजनीति में लिप्त नहीं होने का आग्रह किया।

सुधांशु त्रिवेदी ने बोला हमला

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष से पूछा कि क्या वह भारत के भविष्य को सुरक्षित करने का समर्थन करता है? उन्होंने विपक्ष पर सामाजिक और राजनीतिक अव्यवस्था पैदा करके अपने राजनीतिक हितों को साधने का आरोप लगाया। गिरिराज ने कहा, शायद राहुल गांधी को देश का इतिहास नहीं पता।

उन्होंने कहा, ‘मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या जवाहरलाल नेहरू 1962 में चीन के साथ युद्ध के दौरान असफल थे। उस समय लोगों से सोना दान करने के लिए कहा गया था। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने भी इसी तरह की अपील की थी। उस समय गेहूं अमेरिका से आयात किया जाता था। शास्त्री ने सड़ा गेहूं लेने से मना कर दिया था। लोगों से अपील की गई थी कि हिंदुओं को एकादशी का व्रत और मुसलमानों को रोजा रखना चाहिए, क्योंकि देश में खाद्य संकट है। उस समय मैं दसवीं का छात्र था। क्या इसका मतलब यह है कि लाल बहादुर शास्त्री एक असफल प्रधानमंत्री थे।’

शिवराज बोले- जनहित में सुझाव

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के सुझाव व्यापक राष्ट्रीय और जनहित में हैं। हम सभी को उनका पालन करना चाहिए। दूरदर्शी नेतृत्व का यही अर्थ है, हमेशा राष्ट्र और उसकी जनता के बारे में सोचना और हर संकट में देश का मार्गदर्शन करना।

भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी ने लोगों से त्याग करने को नहीं कहा है, बल्कि उनसे राष्ट्र हित में सोच-समझकर फैसले लेने का आग्रह किया है। जैसे कि ईंधन बचाना, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, विदेशी मुद्रा बचाना और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *