हिमाचल के वीर जवान रमन चौहान बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल, दादा रह चुके हैं दो बार विधायक
हिमाचल प्रदेश के वीर जवान रमन चौहान भारतीय सेना की सैन्य शिक्षा कोर में लेफ्टिनेंट कर्नल बने हैं। वह बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के गांव बुरली कुंसल निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रमन चौहान ने दसवीं कक्षा तक की शिक्षा बरेली (उत्तर प्रदेश) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बैजनाथ महाविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई पूरी की और सुंदरनगर से बीएड की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वह ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), चेन्नई में सेवाएं दे रहे हैं।
दादा रहे हैं दो बार विधायक
रमन चौहान के पिता दलीप सिंह चौहान एक लिमिटेड कंपनी में स्टोर इंचार्ज के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। रमन चौहान के दादा स्वर्गीय ठाकुर अनूप सिंह चौंतड़ा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं।
बैजनाथ में जश्न का माहौल
रमन चौहान के लेफ्टिनेंट कर्नल बनने पर कांग्रेस सेवादल बैजनाथ के अध्यक्ष एवं चौबीन पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश राणा, सेवानिवृत्त तहसीलदार सुभाष राणा, सेवानिवृत्त जिला कृषि अधिकारी अशोक राणा, सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता कृष्ण कटोच, कर्नल गंधर्व परिहार, फ्लाइंग ऑफिसर जगदीश राणा, राजीव चौहान, विजेंद्र राणा सहित अन्य लोगों ने बधाई दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की सैन्य शिक्षा कोर में लेफ्टिनेंट कर्नल जैसे उच्च पद पर पहुंचकर रमन चौहान ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बैजनाथ क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

